मंगलवार, 5 जनवरी 2016

देश का शौर्य थे : स्वामी विवेकानंद

हमारा देश जिस वक़्त गुलामी की जंजीर में जकड़ा हुआ था, उस वक्त भारतदेश का शौर्य कहे जाना वाला धर्म, शिक्षा, भाषा सभ्यता और आध्यात्मिक बल अपना अस्तित्व खोते जा रहे थे। ऐसे समय में भारतभूमि की सरजमीं पर ऐसे सितारों का उदय हुआ, जिन्होंने भारत के शौर्य को एक बार फिर बुलन्दियों तक पहुंचाया। भारतीय संस्कृति को विश्वस्तर पर पहचान दिलाने वाले उन महान व्यव्क्तित्वों में से एक स्वामी विवेकानंद का आदर्श था -' उठो जागो और तब तक न रुको जब तक मंजिल प्राप्त न हो जाए '। इस आदर्श ने युवाओं के बीच एक ऐसे प्रेरणाश्रोत की जगह कायम की जो आज तक बनी हुई है। साल 1893 में अमेरिका में आयोजित विश्व धर्म सम्मेलन में हिन्दू धर्म का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वामी विवेकानंद ने शून्य पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने अपने व्याख्यान से ये सिद्ध कर दिया कि भारत बौद्धिक, धार्मिक, चारित्रिक और दार्शनिक क्षेत्र में दुनिया में सबसे आगे है।

स्वामी विवेकानंद का जन्म 12 जनवरी 1863 में कलकत्ता के एक कायस्थ परिवार में हुआ था। उनके बचपन का नाम नरेन्द्रनाथ दत्त था। पिता विश्वनाथ दत्त कलकत्ता हाईकोर्ट के एक प्रसिद्ध वकील थे। विश्वनाथ दत्त पाश्चात्य संस्कृति में विश्वास रखते थे। वे अपने पुत्र नरेंद्र को भी अंग्रेजी पढ़ाकर पाश्चात्य सभ्यता के ढर्रे पर चलाना चाहते थे। लेकिन उनकी माता भुवनेश्वरी देवी धार्मिक विचारों वाली महिला थी। पिता की मृत्यु के बाद घर-गृहस्थी का भार संभालने के बजाय नरेंद्र ने सन्यास लेने का विचार किया। उनके गुरु स्वामी रामकृष्ण परमहंस ने नरेंद्र को सन्यास नहीं लेने की बात कहते हुए कहा कि, 'तुम स्वार्थी हो'। इसपर नरेंद्र ने अपना फैसला त्याग दिया और नौकरी की तलाश में जुट गए। लेकिन उन्हें नौकरी न मिल सकी। साल 1881 में नरेंद्र ने सन्यास ले लिया और अपना नाम विवेकानंद रखा।

मात्र उन्तालीस साल के जीवनकाल में स्वामी विवेकानंद ने अपने प्रभावी कार्यों से ऐसी मिशाल कायम की जो कई सालों तक पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।उन्नीसवीं सदी के आखिरी सालों में विवेकानंद करीब हिंसक क्रांति के जरिये भी देश को आज़ाद कराना चाहते थे। लेकिन उन्हें जल्द ही ये विश्वास हो गया था कि परिस्थितियां उन इरादों के लिए अभी परिपक्व नहीं है। इसके बाद ही विवेकानंद ने 'एकला चलो' की नीति का पालन करते हुए भारत और दुनिया को खंगाल डाला। उन्होंने कहा था कि-' मुझे बहुत से युवा सन्यासी चाहिए। जो भरते के गांवों में फैलकर देशवासियों की सेवा में लगे' । वह पुरोहितवाद, धार्मिक आडम्बरों, कठमुल्लापन और रूढ़ियों के सख्त खिलाफ थे। उन्होंने धर्म को मनुष्य की सेवा के केंद्र में रखकर ही आध्यात्मिक चिंतन किया था।

स्वामी विवेकानंद केवल सन्यासी ही नहीं, बल्कि देशभक्त, वक्ता, विचारक और लेखक भी थे। साल 1899 में कोलकाता में भीषण प्लेग फैला, अस्वस्थ होने के बावजूद उन्होंने पीड़ित लोगों की सेवा की। उन्होंने 1 मई, 1897 में रामकृष्ण मिशन की स्थापना की। ये मिशन, दूसरों की सेवा और परोपकार को कर्मयोग मानता है जो कि हिंदुत्व में प्रतिष्ठित सिद्धांत है। विवेकानंद की ओजपूर्ण वाणी ने भारतीय जनता और राष्ट्रवादियों में एक नई शक्ति का संचार किया। उनका कहना था- 'संसार का इतिहास उन थोड़े से व्यक्तियों का इतिहास है जिनमें आत्मविश्वास था। यह विश्वास देवत्व को प्रकट कर देता था, तब व्यक्ति कुछ भी कर सकता है, सर्वसमर्थ हो जाता है। असफलता तभी प्रकट होती है जब तुम शक्ति को अभिव्यक्त करने का प्रयास नहीं करते। जिस क्षण व्यक्ति या राष्ट्र आत्मविश्वास खो देता है उसी क्षण उसकी मृत्यु हो जाती है'।

स्वाती सिंह

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें